मेगा जॉब फेयर – 2026 सीपीजे ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशन्स, नरेला, दिल्ली

नई दिल्ली-
सीपीजे ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशन्स, नरेला, दिल्ली अपने परिसर में “मेगा जॉब फेयर – 2026” का भव्य एवं सफल आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को बेहतर रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना तथा उद्योग जगत और शैक्षणिक संस्थानों के बीच मजबूत समन्वय स्थापित करना था।
इस मेगा जॉब फेयर में दिल्ली/एनसीआर, उत्तर प्रदेश, हरियाणा, मध्य प्रदेश, उत्तराखंड एवं बिहार के 190 से अधिक कॉलेजों और विश्वविद्यालयों के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम में 75 से अधिक प्रतिष्ठित राष्ट्रीय एवं बहुराष्ट्रीय कंपनियों ने भाग लेकर विभिन्न क्षेत्रों में युवाओं को रोजगार के अवसर प्रदान किए।
मीडिया से बातचीत करते हुए श्री अमित भारद्वाज, निदेशक (आईआईसी), सीपीजे ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशन्स ने बताया कि इस आयोजन के माध्यम से विद्यार्थियों को सीधे कॉर्पोरेट जगत से जुड़ने तथा अपने कौशल और योग्यता के अनुरूप रोजगार प्राप्त करने का महत्वपूर्ण अवसर मिला। उन्होंने बताया कि जॉब फेयर के दौरान बड़ी संख्या में रोजगार के इच्छुक अभ्यर्थियों ने विभिन्न कंपनियों के साथ साक्षात्कार प्रक्रिया में भाग लिया, जिनमें से अच्छी संख्या में अभ्यर्थियों का विभिन्न कंपनियों द्वारा चयन किया गया, जबकि कई विद्यार्थियों को आगे की चयन प्रक्रिया के लिए शॉर्टलिस्ट किया गया।
संयुक्त वक्तव्य में डॉ. अभिषेक जैन, महासचिव एवं डॉ. युगांक चतुर्वेदी, महानिदेशक ने कहा कि सीपीजे ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशन्स युवाओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ-साथ उन्हें बेहतर रोजगार के अवसर प्रदान करने के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजन विद्यार्थियों को उद्योग जगत की आवश्यकताओं से अवगत कराते हैं और उनके करियर निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। भविष्य में भी संस्था इस प्रकार के बड़े आयोजनों के माध्यम से विद्यार्थियों को लाभान्वित करती रहेगी।
कार्यक्रम के समापन पर आयोजित वैलेडिक्टरी सेशन में भाग लेने वाली कंपनियों के प्रतिनिधियों, एचआर अधिकारियों, शिक्षकों तथा स्वयंसेवकों का आभार व्यक्त किया गया। यह मेगा जॉब फेयर छात्रों, शैक्षणिक संस्थानों और कॉर्पोरेट जगत के बीच एक महत्वपूर्ण मंच के रूप में सामने आया, जिसके माध्यम से बड़ी संख्या में युवाओं को अपने करियर को नई दिशा देने का अवसर प्राप्त हुआ।