Amit Shah ने जम्मू-कश्मीर की सुरक्षा स्थिति की समीक्षा की

Facebook
X
LinkedIn
WhatsApp

केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने बीते दिन जम्मू और कश्मीर में हुए आतंकी हमले के मद्देनज़र वहां की सुरक्षा स्थिति पर नई दिल्ली में समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की. राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार, अजीत डोवल, जम्मू और कश्मीर के उपराज्यपाल  मनोज सिन्हा, केंद्रीय गृह सचिव, चीफ ऑफ आर्मी स्टाफ, निदेशक (आईबी), केन्द्रीय अर्ध सैनिक बलों के प्रमुख, संघ राज्य क्षेत्र जम्मू और कश्मीर के मुख्य सचिव और डीजीपी ने बैठक में भाग लिया.

बैठक के दौरान अमित शाह ने जम्मू और कश्मीर में आतंकवाद के खात्मे के लिए सुरक्षा एजेंसियों के एरिया डॉमिनेशन प्लान की समीक्षा की. सिक्योरिटी ग्रिड और जम्मू और कश्मीर के सुरक्षा परिदृश्य की समीक्षा करते हुए  शाह ने आतंकवादरोधी अभियानों को मजबूत करने और आतंकियों के पारिस्थितिकी तंत्र को पूर्ण रूप से समाप्त करने की आवश्यकता पर बल दिया.  उन्होंने सुरक्षा एजेंसियों को संवेदनशील क्षेत्रों में उचित तैनाती की सलाह दी.  उन्होंने प्रधानमंत्री  नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में केन्द्र सरकार द्वारा आतंकवाद के खिलाफ ज़ीरो टॉलरेंस की नीति जारी रखने की बात दोहराई.

केन्द्रीय गृह मंत्री ने कहा कि आतंकरोधी अभियानों से निपटने के दौरान सभी उचित प्रक्रियाओं को अपनाया जाना चाहिए.  शाह ने क्षेत्र में स्थानीय खुफिया नेटवर्क को मज़बूत करने की ज़रूरत पर बल दिया.

 अमित शाह ने आतंक संबंधी घटनाओं और घुसपैठ की घटनाओं में महत्वपूर्ण गिरावट और कानून और व्यवस्था की स्थिति में उल्लेखनीय सुधार के लिए सुरक्षा एजेंसियों और संघराज्य क्षेत्र प्रशासन के प्रयासों की सराहना की.

यह भी पढ़ें – 2024 में PM Modi का पहला कार्यक्रम तमिलनाडु में

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *