इलेक्ट्र‍िक प्रणाली से हुआ ऋषि कपूर का अंतिम संस्कार, परिवार ने दी श्रद्धांज‍लि

Facebook
X
LinkedIn
WhatsApp

बॉलीवुड के दिग्गज एक्टर ऋषि कपूर इस दुनिया से रुखसत हो गए हैं। गुरुवार सुबह उनके निधन की खबर से पूरे देश में शोक की लहर दौड़ गई। सितारे ही नहीं बल्कि सभी फैंस ने भी उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। दोपहर 3 बजकर 45 मिनट पर ऋषि कपूर का पार्थिव शरीर मुंबई में मरीन लाइंस के चंदनवाड़ी श्मशान घाट पहुंचा। जहाँ इलेक्ट्र‍िक प्रणाली से ऋषि का अंतिम संस्कार किया गया। उनके अंतिम संस्कार में सिर्फ 25 लोगों को जाने की अनुमति मिली। इसमें परिवार के लोग और कुछ करीबी रिश्तेदार शामिल हुए।
श्मशान घाट से कपूर खानदान की जो तस्वीरें सामने आयी हैं उन्हें देखकर किसी की भी आंखें नम हो जाए। सभी ने नम आंखों से ऋषि कपूर को आखिरी विदाई दी। इस दौरान एक्टर की पत्नी नीतू कपूर के आंसू थमने का नाम नहीं ले रहे थे। तस्वीरों को देखकर साफ मालूम पड़ता है कि वे पति के निधन से बुरी तरह टूट चुकी हैं। नीतू कपूर को उनके साथ खड़ी रीमा जैन और आलिया भट्ट ने संभाला। श्मशान घाट में सभी के मायूस चेहरे नजर आए। ऋषि कपूर के बेटे रणबीर कपूर भी काफी दुखी दिखे। वे और नीतू अस्पताल से ही ऋषि कपूर के साथ मौजूद थे।
पूरे कपूर खानदान के लिए ये वक्त बहुत मुश्किल भरा है। ऋषि की पत्नी नीतू ने हर मुश्किल घड़ी में अपने पति का साथ दिया था। लेकिन आज वे अकेली रह गईं और ऋषि उन्हें अलविदा कह गए।
जब ऋषि कपूर को कैंसर था और उनका विदेश में इलाज चल रहा था। तब नीतू उनका ऐसे ख्याल रखती थीं जैसे एक मां अपने बच्चे का रखती है।
ऋषि और नीतू ने कई फिल्मों में साथ काम किया था। फिल्म की शूटिंग के वक्त ही उनका प्यार परवान चढ़ने लगा था। स्क्रीन पर दोनों की जोड़ी काफी पसंद की जाती थी।
तस्वीरों में करीना कपूर, रणधीर कपूर और सैफ अली खान नजर आए। उन्होंने भी नम आंखों से ऋषि को अलविदा कहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *