15 दिन का विशेष अभियान चलाकर वरासत के लंबित मामलों का होगा निपटारा

Facebook
X
LinkedIn
WhatsApp

— सभी ग्राम पंचायतों में चकमार्ग भी होंगे अतिक्रमणमुक्त

बलिया: ग्राम पंचातयों में चकमार्ग पर अतिक्रमण, खतौनी से सम्बन्धित समस्याओं व वरासत के लम्बित मामलों के एक साथ समाधान के लिए जिलाधिकारी एसपी शाही ने 21 सितम्बर से 05 अक्टूबर तक एक विशेष अभियान चलाने का निर्णय लिया है। इन पन्द्रह दिनों में समस्त राजस्व ग्रामों में लेखपालों द्वारा खतौनी पढ़कर सुनाई जाएगी। साथ ही अविवादित वरासत के लम्बित मामलों का सत्यापन कर दर्ज किया जाएगा। जिलाधिकारी ने साफ किया है कि इस अभियान के बाद वरासत का कोई अविवादित मामला पेंडिंग रहा तो सम्बन्धित लेखपाल की जवाबदेही तय होगी और कार्रवाई भी होगी। जल संरक्षण के लिए प्राकृतिक सम्पदा को संरक्षित करने पर भी जिलाधिकारी का विशेष जोर है।

जिलाधिकारी ने यह भी कहा है कि 21 सितम्बर से 5 अक्टूबर तक के विशेष अभियान में चकमार्ग पर कहीं अतिक्रमण है तो उसे भी मुक्त कराया जाएगा। लेखपाल उसकी पैमाइस कर उच्चाधिकारियों से समन्वय बनाकर अतिक्रमण हटवाने की कार्यवाही करेंगे। इसी अभियान के तहत ग्राम पंचायतों में तालाब, पोखरा, गड़हा आदि के रकबे का भी विवरण देना है जिसमें गांव का पानी नहीं जाता है। चिन्हित कर रेन वॉटर हार्वेस्टिंग के लिए कुछ नया करने की पहल होगी। इसके अलावा गांव में सार्वजनिक कुंओं की स्थिति क्या है, वह कुंएं कैसी जमीन पर हैं इसका भी विवरण देना होगा। कुंओं को पुनर्जीवित करने के लिए मैनपॉवर व खर्च होने वाली धनराशि का इस्टीमेट ब्लॉक के माध्यम से बनवाया जाएगा। इसके बाद मनरेगा से उसके जीर्णोद्धार का काम तत्काल शुरू कर दिया जाएगा। जिलाधिकारी ने कहा कि प्राकृतिक सम्पत्ति को संरक्षित करने के साथ जल संरक्षण पर हमारा विशेष फोकस होना चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *