कायाकल्प की राज्य स्तरीय टीम ने गोपालपुर सीएचसी का किया मूल्यांकन

Facebook
X
LinkedIn
WhatsApp

-अस्पताल का बारीकी से किया निरीक्षण, एक-एक चीजों की ली जानकारी
-पटना से आई कायाकल्प की टीम अस्पताल की व्यवस्था से संतुष्ट दिखी
भागलपुर, 13 अक्टूबर-
कायाकल्प की राज्य स्तरीय टीम ने गुरुवार को गोपालपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) का जायजा लिया। पटना से आई कायाकल्प की टीम ने अस्पताल में मरीजों को मिलने वाली सुविधाओं को देखा। एक-एक चीज की बारीकी से जानकारी ली। अस्पताल में साफ-सफाई से लेकर ओटी, लेबर रूम, पार्किंग, गार्डेन इत्यादि को जाना। राज्य स्तरीय मूल्यांकन के लिए आई कायाकल्प की टीम में राज्य स्वास्थ्य समिति की शालिनी सिन्हा और यूनिसेफ के तुषारकांत उपाध्याय शामिल थे। वहीं मौके पर अस्पताल प्रभारी डॉ. सुधांशु कुमार समेत जिला गुणवत्ता सलाहकार डॉ. प्रशांत कुमार, और केयर इंडिया के डीटीएल डॉ. निनकुश अग्रवाल समेत कई अधिकारी व स्वास्थ्यकर्मी मौजूद थे। इस मौके पर पटना से आयी टीम और अन्य अधिकारियों ने पौधरोपण भी किया। निरीक्षण के दौरान कायाकल्प की टीम व्यवस्था से संतुष्ट दिखी। डॉ. प्रशांत कुमार ने बताया कि कायाकल्प विजिट को लेकर गोपालपुर सीएचसी में पहले से तैयारी चल रही थी। कायाकल्प में पहले भी जिले के स्वास्थ्य संस्थानों ने बेहतर किया है। इस बार भी मेरे कोशिश रहेगी कि भागलपुर बेहतर करे। मेरी कोशिश होगी कि मैं भागलपुर की झोली में एक और अवॉर्ड दिला सकूं। इसी सिलसिले में हमलोग यहां गोपालपुर सीएचसी में थे।
हर मामले में अस्पताल की व्यवस्था बेहतर: पटना से आई शालिनी सिन्हा ने बताया कि गोपालपुर सीएचसी में मरीजों के लिए तमाम सुविधाएं मौजूद थीं। अस्पताल परिसर में साफ- सफाई के बेहतर इंतजाम थे। ओपीडी से लेकर ओटी तक में साफ-सफाई की बेहतर व्यवस्था थी। अस्पताल की व्यवस्था में काफी सुधार देखा गया। उन्होंने कहा कि अस्पताल में मौजूद मरीजों से भी हमलोगों ने बात की। मरीज भी यहां की व्यवस्था से काफी संतुष्ट दिखे।
गोपालपुर सीएचसी की तैयारी बेहतरः शालिनी सिन्हा ने बताया कि न सिर्फ अस्पताल के अंदर, बल्कि बाहर भी सफाई की व्यवस्था बेहतर थी। अस्पताल परिसर में सफाई का ध्यान रखा गया था। इन सब बातों का फर्क पड़ता है। उन्होंने बताया कि निरीक्षण के दौरान हर चीज व्यवस्थित दिखी। इस अस्पताल में मरीजों से जुड़ी हुई छोटी-छोटी बातों का ध्यान रखा जाता , जो कि तारीफ के काबिल है। अस्पताल के प्रभारी से लेकर कर्मी तक बेहतर काम कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *